पनकी साइट नं.१ में फैक्ट्रियों के अंदर घुसा पानी। मशीनें खराब होने का अंदेशा।
- फोटो : amarujala
यूपीएसआईडीसी और नगर निगम के निकम्मेपन का खामियाजा शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र दादानगर व पनकी के उद्यमियों को भुगतना पड़ा। जरा सी बारिश में दोनों औद्योगिक क्षेत्र उफना पड़े। पनकी में सौ से ज्यादा फैक्ट्रियों में पानी भर गया। इस कारण लाइट काटनी पड़ी। इससे उत्पादन ठप करना पड़ा। फैक्ट्री मालिकों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
समाचार लिखे जाने तक फैक्ट्रियों में डेढ़ से दो फीट तक पानी भरा था। बता दें कि पनकी औद्योगिक क्षेत्र को यूपीएसआईडीसी ने 20 साल पहले बसाया था। यहां आज तक ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त नहीं है। स्थिति यह है कि न यहां नगर निगम काम करवा रहा है न ही यूपीएसआईडीसी। बरसात से पहले यहां नालियों की सफाई के नाम पर खानापूरी की गई, जिसका नतीजा शुक्रवार को सामने आया। यहां ड्रेनेज सिस्टम फेल है। नाला और नालियां चोक हैं। पनकी साइड एक में फैक्ट्रियों में पानी भरने से कई जगह कच्चा माल भी खराब हो गया है।
सबसे ज्यादा टेक्टो फार्मा कंपनी में नुकसान हुआ है। काफी देर तक पानी फैक्ट्री से बाहर नहीं निकला तो कर्मचारियों को छुट्टी दे दी। यही हाल दादानगर औद्योगिक क्षेत्र का रहा। यहां सड़कें और गलियां बरसाती पानी से उफना गईं। चार और दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।