चीन के कोरोना वायरस का खतरा दुनिया भर में भांपते हुए कानपुर भी अलर्ट मोड में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने चकेरी एयरपोर्ट और कानपुर सेंट्रल को अलर्ट जारी किया है। चकेरी एयरपोर्ट के निदेशक बीके झा और महामारी विशेषज्ञ डॉ. देव सिंह के साथ एयरपोर्ट पर मंगलवार को दूसरे दिन भी बैठक हुई।
इसमें स्टाफ व यात्रियों को इस खतरनाक वायरस के बारे में बताया गया। चकेरी एयरपोर्ट का पूरा स्टाफ अब मास्क लगाकर ड्यूटी करेगा। ताकि संक्रमण से बचा जा सके। कानपुर एयरपोर्ट घरेलू उड़ानों के लिए है।
लेकिन कनेक्टिंग इंटरनेशनल फ्लाइट के यात्री भी यहां आते-जाते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट पर हर यात्री को इस वायरस से बचाव की जानकारी देने की अपील की गई है। एयरपोर्ट निदेशक बीके झा ने बताया कि स्टाफ को जागरूक किया गया है। यात्रियों की जागरुकता भी जरूरी है।