चित्रकूट जिले के मानिकपुर में पाठा के जंगलों में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। रानीपुर वन्य जीव विहार क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र का एक बाघ मारकुंडी व कल्याणपुर के जंगलों में मवेशियों को शिकार बना रहा है।
मानिकपुर व मारकुंडी क्षेत्र के ग्रामीणों और चरवाहों ने बताया कि जंगल में बाघ आया है। ग्रामीणों ने सेंचुरी विभाग को सूचना दी है। सेंचुरी विभाग के रेंजर त्रिवेणी प्रसाद व वन दरोगा आरके सिंह ने रामभवन जंगल से सटे परासिन डोडा माफी कुसमुही जंगलों में बाघ की खोज की है।
रानीपुर वन्य जीव विहार क्षेत्र के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वह जंगल में न जाएं और मवेशियों को भी न जाने दें। रानीपुर वन्य जीव विहार प्रतिपालक जीडी मिश्रा ने बताया कि इन दिनों जंगल हरा भरा होने की वजह से पन्ना रिजर्व टाइगर से बाघ, बाघिन व तेंदुआ का इस क्षेत्र में आना जाना बना है।