मृदुला यादव ने दूसरी बार सैफई बीडीसी सीट से भरा नामांकन
- फोटो : अमर उजाला
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के परिवार की बहू और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव की समधन मृदुला यादव ने बुधवार को सैफई की क्षेत्र पंचायत सीट से नामांकन दाखिल किया। उनके साथ उनके पुत्र पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव और बहू राजलक्ष्मी भी नामांकन स्थल पर पहुंचीं।
वहां उन्होंने रिटर्निग ऑफिसर को अपना नामांकन प्रस्तुत किया। राजलक्ष्मी पूर्व सीएम लालू की पुत्री हैं। मृदुला यादव दूसरी बार यह चुनाव लड़ने जा रहीं हैं। मृदुला वर्ष 2015 के चुनाव में सैफई से बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुई थीं। इसके बाद वे सैफई की ब्लॉक प्रमुख बनीं।
इस बार भी ब्लॉक प्रमुख बनने के लिए यह चुनाव लड़ रही हैं। सैफई ब्लॉक में 1995 से ही मुलायम सिंह यादव के परिवार का सदस्य ही ब्लॉक प्रमुख बनता रहा है। सबसे पहले मुलायम सिंह के भतीजे स्व. रणवीर सिंह यादव ब्लॉक प्रमुख बने।
उनके निधन के बाद पूर्व सांसद धर्मेद्र यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव ब्लॉक प्रमुख बने। तेज प्रताप के मैनपुरी से सांसद निर्वाचित होने के बाद यह ब्लॉक उनकी मां मृदुला यादव ने संभाला। मृदुला ने सैफई क्षेत्र पंचायत के वार्ड संख्या 20 से अपना नामांकन दाखिल किया है।