छिबरामऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए तहसील सभागार में छिबरामऊ, सौरिख व तालग्राम के एडीओ पंचायत और राजस्व निरीक्षकों की बैठक हुई। एसडीएम देवेश गुप्ता ने दो दिन के अंदर रूट चार्ट बनाने के निर्देश दिए।
गुरुवार को तहसील सभागार में हुई बैठक में एसडीएम ने कहा कि सभी मतदान केंद्र तक बस, ट्रक, मिनी बस और अन्य वाहन किस रास्ते से पहुंचेंगे, इसके लिए एडीओ पंचायत, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल रूट चार्ट तैयार करने में जुट जाएं। इस रूट चार्ट को दो दिन के अंदर पूरा करना है। इसमें लापरवाही न बरती जाए। इस काम को प्राथमिक के आधार पर पूरा करें।
रिपोर्ट में कितनी बस, ट्रक या मिनी बस चाहिए, इनकी संख्या भी लिखें। इसका भी ध्यान रखना होगा कि कोई भी मतदान केंद्र या बूथ छूटे नहीं। न ही दोहराव हो। इसके लिए मतदान केंद्रों की संख्या व बूथों का मिलान कर लें। बैठक में एडीओ पंचायत छिबरामऊ मृदुल दुबे, एडीओ पंचायत तालग्राम सुरेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक आदित्य दीक्षित, नरेंद्र सिंह यादव तथा लेखपाल मौजूद रहे।