छिबरामऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनवाए जाने वाले आवासों का निर्माण नक्शे के अनुसार न होने पर अवर अभियंता (जेई) औैर तकनीकी सहायक जिम्मेदार होंगे। इस बाबत प्रभारी बीडीओ ने निगरानी टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला उद्यान अधिकारी एवं प्रभारी बीडीओ मनोज कुमार चतुर्वेदी ने आवासों की निगरानी के लिए आरईएस (ग्रामीण अभियंत्रण सेवा)के जेई अरुणेश रावत के नेतृत्व में तकनीकी सहायक अरुण कुमार, रामसेवक, अरशद व शशीकांत को जिम्मेदारी सौंपी है। बीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायतों में 675 लाभार्थियों के खातों में प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त भेजी जा चुकी है।
तकनीकी सहायक गांव-गांव जाकर 22 जनवरी तक लाभार्थी के पास उपलब्ध भूमि का प्रारूप तैयार कर रिपोर्ट जमा कर दें। निरीक्षण के दौरान मानक और नक्शे के अनुसार आवास का निर्माण होता नहीं मिला तो अवर अभियंता व तकनीकी सहायकों पर कार्रवाई की जाएगी।