असधना गांव निवासी डॉ. अजीत सचान की नजर ब्लॉक प्रमुख के पद पर है। एमबीबीएस करने वाले डॉ. अजीत सचान गूजा और कैथा क्षेत्र पंचायत से बीडीसी प्रत्याशी हैं। बताते हैं कि अभी हास्पिटल के कमरे में बैठकर स्वास्थ्य सेवाएं चला रहा हूं। डॉ. सचान ग्रामीण इलाकों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने की पैरोकारी करते हैं।
सचौली गांव निवासी फूल सिंह यादव सेवानिवृत्त सैनिक हैं। अब गांव में प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीति विज्ञान से परास्नातक करने के बाद एलएलबी, एलएलएम और पीजीडीएलएल भी कर रखा है। तहसील नर्वल में वकालत करने वाले फूलसिंह बताते हैं कि गांवों में पेयजल की समस्या दूर करना और बिना सुविधा शुल्क लिए लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलवाने की ठान रखी है।
पहले पंचायत चुनावों में कम पढ़े लिखे लोग ज्यादा शामिल होते थे, लेकिन अब शिक्षित लोग आ रहे हैं तो हर लिहाज से यह अच्छा संकेत है। शिक्षित व्यक्ति अधिकारों और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक रहता है। इस बदलाव से समाज को भी लाभ मिलेगा। - रामनरेश पाल, निर्वाचन अधिकारी, ब्लॉक भीतरगांव