इटावा। भोगनीपुर नहर में नहाने के दौरान पल्लेदार डूब गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक के शव को तलाश कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मड़ैया शिवनारायण निवासी पवन कुमार (38) शुक्रवार शाम फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर ई-रिक्शा से भोगनीपुर नहर में नहाने पहुंचा था। उसके साथ दोस्त भी थे, दतावली पुल के पास नहर के बगल में बंबा में उसके दोस्त नहाने लगे और वह नहर में नहाने चला गया। तेज-बहाव के चलते वह तैरते-तैरते थक गया और वह नहर में डूब गया। जब उसके दोस्तों ने देखा तो वह नहर में नहीं दिखा। इस बात की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश किया।
शनिवार को लखनऊ से आई एसडीआरएफ की टीम ने दिन में करीब 11 बजे नहर से ढूंढ निकाला। छोटे भाई सतीश ने बताया कि वह कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी करता था। मृतक के दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक दिवाकर प्रसाद सरोज ने बताया कि युवक के शव को नहर से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।