संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर देहात/पुखरायां। विधानसभा 2007 के चुनाव में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और मौजूदा पुखरायां नगर पालिका अध्यक्ष सत्यप्रकाश संखवार आमने-सामने चुनाव लड़े थे। दोनों लोगों को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पुखरायां आने वाले पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे।
भाजपा के टिकट पर सत्यप्रकाश संखवार भोगनीपुर विधानसभा से कई बार चुनाव लड़े, लेकिन हर बार हार का सामना करना पड़ा। सन् 2007 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रामनाथ कोविंद को मैदान में उतारा था। टिकट न मिलने से नाराज सत्यप्रकाश संखवार उमा भारती की गठित राष्ट्रीय क्रांति दल से टिकट लेकर चुनाव मैदान में उतर गए। चुनाव के दौरान सत्यप्रकाश आशीर्वाद लेने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पास गए थे। उन्होंने आशीर्वाद देते हुए कहा था कि असफलताओं से डिगना नहीं चाहिए। बाद में सत्यप्रकाश संखवार भाजपा में वापस हुए और पार्टी ने नगर पालिका अध्यक्ष का प्रत्याशी बनाया, जिसपर सफलता मिली।
मौजूदा पालिका अध्यक्ष सत्यप्रकाश ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों में कोई कसर नहीं रखी जाएगी। पुखरायां की सरजमीं पर आने वाले रामनाथ कोविंद भारत के पहले राष्ट्रपति होंगे। वहीं, मंगलवार को आरएसजीयू इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज में रंगरोगन कर साफ सफाई कराई गई। इंटर कॉलेज से मैदान जाने का गेट तोड़ कर रास्ता चौड़ा कराया जा रहा है।
----
कमिश्रर व एडीजी ने हेलीपैड निर्माण का लिया जायजा
डेरापुर। कमिश्नर डॉ. राजशेखर, एडीजी भानु भास्कर, आईजी मोहित अग्रवाल, डीएम जेपी सिंह, एसपी केके चौधरी, सीडीओ सौम्या पांडेय ने परौंख में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। सबसे निर्माणाधीन पांच हेलीपैड का निरीक्षण करने के बाद सभा स्थल को देखा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए मंच बनाने की बात कही। इसके बाद रूट प्लान के तहत पथरी देवी मंदिर, रहनिया चौक, आंबेडकर पार्क, मिलन केंद्र व झलकारी बाई इंटर कालेज में तैयारियों का जायजा लिया। कमिश्नर ने मौजूद अधिकारियों को तैयारी संबंधी कुछ सुझाव दिए। इस मौके पर एसडीएम ऋषिकांत, ग्राम प्रधान संग्राम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। (संवाद)