लेख क्रिकेट अकादमी फॉर एक्सीलेंस और पीएसी नर्सिंग अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में पीएसी जूनियर ने एचएएल अंडर-12 को 50 रन से पराजित किया। दूसरे मैच में पीएसी क्लब ने एचएएल अंडर-14 को 130 रन से हराया।
पीएसी-बी मैदान पर खेले गए पहले मैच में पीएसी जूनियर ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 130 रन बनाए। सरन मिश्रा ने 36, नमन ने 27 रन की पारी खेली। वहीं, गेंदबाज श्रीकर, रुद्राश व अभिनीत ने एक-एक विकेट अपने नाम किए। जवाब में एलएएल अंडर-12 की टीम 17.3 ओवर में 80 रन पर ऑलआउट हो गई।
अविरल श्रीवास्तव ने तीन, नमन व अतीन ने दो-दो विकेट लेकर टीम को जिता दिया। प्लेयर ऑफ द मैच नमन को चुना गया। वहीं, दूसरे मैच में पीएसी क्लब ने 25 ओवर में छह विकेट पर 207 रन बनाए। मृदुल सिंह ने 90 रन व राघवेंद्र पाल ने 70 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में सूर्यांश, शुभम भल्ला ने दो-दो को आउट किया।
जवाब में एचएएल अंडर-14 की पूरी टीम 18 ओवर में महज 77 रन पर ऑलआउट हो गई। इसमें कविश शुक्ला ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में राघवेंद्र पाल ने चार, शिवांश व मो. उमर ने दो-दो विकेट चटकाए। राघवेंद्र पाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।