एल-2 अस्पताल में लोड़र से जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर उतारता कर्मी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में संचालित एल-टू कोविड अस्पताल में शनिवार की रात से जंबो सिलिंडर में ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। रविवार रात में हुई समीक्षा में जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म होने का मामला उजागर हुआ तो जिलाधिकारी जेपी सिंह ने नाराजगी जताई। सीएमओ ने सोमवार को यहां एल टू अस्पताल के लिए दस जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर मंगवाए।
कोरोनों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑक्सीजन सिलिंडर की एडवांस व्यवस्था के निर्देश हैं। कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों को सांस लेने में दिक्कत पर सिलिंडर से ऑक्सीजन दी जाती है। जिले के एल-टू अस्पताल में 18 ऑक्सीलेटेड बेड हैं। रविवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने समीक्षा की तो एल टू अस्पताल में शनिवार की रात को जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म होने की बात सामने आई। हालांकि सीएमओ ने बताया कि ऑक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई प्राइवेट सेक्टर से करा ली गई थी। इस स्थिति पर डीएम ने सीएमओ से कड़ी नाराजगी जताई।
कहा कि ऑक्सीजन उपलब्धता की पहले से व्यवस्था की जाए। उन्होंने सीएमओ को व्यक्तिगत तौर पर व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए निर्देेशित किया। वहीं गंभीर कोरोना मरीजों के लिए सीएचसी स्तर पर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम की नाराजगी के बाद एलटू अस्पताल में सोमवार को 10 जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराए गए। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि एलटू अस्पताल में 15 छोटे ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध है। अब 10 जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध हैं। फिलहाल ऑक्सीजन सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता है।