रूरा। गहलौं-बलेथा मार्ग पर पीतमपुरवा के पास मंगलवार दोपहर को ओवरलोड स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे के दौरान वैन में करीब 14 बच्चे सवार थे। इनमें से छह छात्र मामूली रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाल कर उपचार करवाया है।
गहलौं स्थित एक निजी स्कूल की वैन मंगलवार दोपहर दो बजे के करीब स्कूल की छुट्टी होने पर अहिरानी निवासी 14 बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। गहलौ-बलेथा मार्ग पर पीतमपुरवा के पास वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे में अहिरानी निवासी नवदीप, कृतिका, अंशिका, दिव्य, कार्तिक व अंश मामूली रूप से घायल हो गए। वैन पलटने से हुई जोरदार आवाज सुन पहुंचे ग्रामीणों ने वैन में फंसे बच्चों को वैन से बाहर निकाल कर घटना की जानकारी बच्चों के परिजन को दी।
परिजन निजी क्लीनिक पर बच्चों का उपचार करवाकर घर ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन में क्षमता से अधिक बच्चे होने के चलते चालक से वैन अनियंत्रित होकर पलटी थी। वैन में न तो स्कूल का नाम लिखा था और न ही वैन में फस्ट एड किट व फायर सिलिंडर मौजूद था। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि हादसे में छह बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे का कारण पता किया जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।