नगर निगम ने गुरुवार को सड़कों का निर्माण तेज कर दिया। वर्षों से जर्जर कर्रही रोड समेत कई सड़कों की मरम्मत शुरू कराई गई। दादानगर और स्वरूप नगर में सड़कें चमाचम की गईं।
बर्रा बाईपास से कर्रही जाने वाली रोड करीब आठ साल पहले बनी थी, पर साल भर बाद ही इस प्रमुख मार्ग पर गड्ढे होने लगे थे। धीरे - धीरे सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई, पर नगर निगम ने मरम्मत नहीं कराई। एक महीने पहले क्षेत्रीय पार्षद और इलाकाई लोगों ने नगर आयुक्त से इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी।
इसके बाद इसे बनवाने की प्रक्रिया शुरू हुई। नगर निगम जोन-तीन के जोनल अभियंता एसके सिंह ने बताया कि इस सड़क पर पैचवर्क शुरू करा दिया है। तारकोल मिक्स गिट्टी से पक्का पैच कराया जा रहा है। दो - तीन दिन में सड़क ठीक हो जाएगी।
नगर निगम जोन-5 विजय नगर चौराहे से दादा नगर रेलवे फ्लाईओवर के समानांतर सड़क को चमका रहा है। जोनल अभियंता रमेश श्रीवास्तव के अनुसार दिल्ली हावड़ा रूट पर बने पुल के बाद से गोविंद नगर की तरफ की सड़क पर दो दिन पहले गड्ढे भरवाने का काम शुरू कराया था।
गड्ढे भरने के बाद गुरुवार को हाटमिक्स प्लांट से सड़क बनाना शुरू किया गया। पूरी सड़क बनवाने में दो-तीन दिन लगेंगे। इस मार्ग के बनने से कालपी रोड से दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र, पनकी औद्योगिक क्षेत्र, दादा नगर कालोनी, गोविंद नगर जाने - आने वाले लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
जोन-4 की टीम ने स्वरूप नगर में आरके देवी हॉस्पिटल के सामने ममता अपार्टमेंट रोड, पानी टंकी रोड समेत कई सड़कों दुरुस्त कराईं।
दीपावली से पहले करें पैचवर्क
नगर आयुक्त देवेंद्र सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को विभागीय अफसरों के साथ हुई बैठक में दीपावली के मद्देनजर खराब सड़कों पर पैचवर्क कराने और विशेष सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जोनल प्रभारियों को वसूली बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए।
नगर निगम में ऑडिट शुरू
नगर निगम में गुरुवार से ऑडिट शुरू हो गया। पहले दिन ऑडिट टीम ने अभियंत्रण विभाग और लेखा विभाग की फाइलें खंगालीं।