कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने अपने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग आसान बनाते हुए बड़ी घोषणा की है। यहां चल रहे सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के ओरिएंटेशन सत्र में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने सभी ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग पाठ्यक्रमों में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 50 प्रतिशत शुल्क छूट देने की घोषणा की। इस फैसले से वे कर्मचारी, जिनकी पढ़ाई नौकरी या आर्थिक कारणों से छूट गई थी, अब कम खर्च में अपनी शिक्षा पूरी कर सकेंगे।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने कर्मचारियों को केवल कार्यबल नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। विश्वविद्यालय में बीए, बीबीए, बीकॉम, बीसीए, एमए, एमबीए, एमकॉम और एमसीए जैसे स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें कर्मचारी अपनी रुचि और भविष्य की जरूरतों के अनुसार प्रवेश ले सकते हैं। निदेशक डॉ. एसके. द्विवेदी ने कहा कि 50 प्रतिशत शुल्क छूट कर्मचारियों के लिए शिक्षा की आर्थिक बाधा को कम करेगी और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देगी।