फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिल्हौर विधायक से शिकायत करने पर खफा थे चौकी इंचार्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात/पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के दुर्गदासपुर गांव में महिला की पिटाई के मामले में चौकी प्रभारी के खिलाफ पूर्व में भी उत्पीड़न की शिकायतें की गईं थी। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज युवक को फर्जी पुलिस मुठभेड़ में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये मांग रहे थे।
विज्ञापन

इस पर परिजनों ने मामले की शिकायत बिल्हौर के भाजपा विधायक से की थी। तब विधायक ने अफसरों से चौकी इंचार्ज की शिकायत कर कार्रवाई के लिए कहा था। तबसे चौकी इंचार्ज युवक से खफा थे।
इसके बाद से चौकी इंचार्ज ने युवक का और भी उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। शनिवार को वह युवक के घर में घुसे तो महिलाओं ने इसका विरोध किया। इस पर चौकी इंचार्ज ने पीड़ित की मां की पिटाई कर दी थी।
विज्ञापन

दुर्गदासपुर गांव के विवेक ने बताया कि भाई शिवम को फर्जी मुठभेड़ में फंसाने की धमकी देकर चौकी इंचार्ज महेंद्र पटेल लगातार 50 हजार रुपये देने का दबाव बना रहे थे। वह कई बार रुपये भी ले चुके थे। चौकी इंचार्ज का उत्पीड़न से आजिज आकर उसने पड़ोसी गांव गोपालपुर के रहने वाले बिल्हौर से भाजपा विधायक भगवती प्रसाद सागर से शिकायत की थी।
तब विधायक ने चौकी इंचार्ज से कड़ी नाराजगी जताने के साथ अफसरों को भी इस मामले से अवगत कराया था। इससे चौकी इंचार्ज शिवम से और अधिक खुन्नस मानने लगा। इसके बाद उसने शिवम की तलाश में कई बार मोहल्ले में दबिश भी दी। शनिवार शाम वह जबरन घर में घुस आए। घर की महिलाओं ने विरोध किया तो चौकी इंचार्ज गालीगलौज करने लगे।
इस दौरान महिला से मारपीट भी की। मामला तूल पकड़ने पर चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है लेकिन परिजन इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। पीड़ित परिवार ने कहा कि पुलिस से संबंधित मामला होने के कारण इस घटना के बाबत ग्रामीण भी चुप्पी साधे हैं। उन्हें कार्रवाई का खौफ सता रहा है। गांव में किसी के पहुंचते ही लोग अपने-अपने घरों में दुबक जाते हैं।
पीड़ित परिवार ने चौकी इंचार्ज पर पद के दुुरुपयोग, घर में घुसकर मारपीट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग एसपी से की है। क्षेत्र में चर्चा है कि चौकी इंचार्ज को जिले के ही एक भाजपा विधायक ने पुखरायां चौकी में सिफारिश करके तैनात कराया था। चर्चा है कि तब चौकी इंचार्ज वाहनों का भारी काफिला लेकर पुखरायां चौकी में कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे थे।
चौकी इंचार्ज पर रिपोर्ट दर्ज कर किया जाए निलंबित
कानपुर देहात/पुखरायां। दुर्गदासपुर गांव में चौकी इंचार्ज ने महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किया है। चौकी इंचार्ज पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर उसे निलंबित किया जाना चाहिए। ये बातें सपा जिलाध्यक्ष ने पीड़ित महिला के साथ एसपी से मुलाकात कहीं।
सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव और विधानसभा क्षेत्र प्रभारी नरेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में रविवार को पार्टी का एक दल दुर्गदासपुर गांव में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। वहां महिला ने बेवजह बेटे का उत्पीड़न किए जाने की जानकारी दी। बताया कि पंचायत चुनाव के समय एक सिपाही के साथ बेटे शिवम की कहासुनी हो गई थी।
इसके बाद शिवम पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी, साथ ही रुपये भी लिए गए थे। इसके बाद भी पुलिस 50 हजार रुपये की मांग को लेकर परेशान करती रही। शनिवार को चौकी इंचार्ज घर में घुस आए और शिवम को ले जाने के लिए जबरदस्ती करने लगे। विरोध करने पर मारपीट कर दी। इस पर सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह अमानवीय व्यवहार है।
भाजपा की सरकार में महज महिलाओं को सुरक्षा देने का ढिंढोरा पीटा जाता है। वर्तमान सरकार में सबसे अधिक महिलाओं के साथ अत्याचार किया जा रहा है। महिला को लेकर सपा जिलाध्यक्ष व विधान सभा प्रभारी ने एसपी से मुलाकात की और चौकी इंचार्ज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निलंबित करने की मांग की।
एसपी ने मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। इस दौरान सपा के शिशुपाल यादव, राजेश यादव, सुरजीत सिंह, नसुरूद्दीन, हिमांशु यादव, कासिफ खान, सुरेंद्र यादव मौजूद रहे।
बसपा नेताओं ने की घटना की निंदा
पुखरायां। दुर्गदासपुर गांव निवासी पीड़ित महिला और परिजनों से मिलने पहुंचे बसपा के मुख्य सेक्टर प्रभारी ने चौकी इंचार्ज के व्यवहार की निंदा की। कहा कि वह प्राथमिक तौर पर दरोगा के निलंबन की मांग करते हैं। रिपोर्ट हाईकमान को भेजेंगे। बसपा पदाधिकारियों के निर्देश पर मुख्य सेक्टर प्रभारी प्रवेंद्र संखवार, संजीव सचान, राजन कुरील और जिलाध्यक्ष आनंद कुरील के नेतृत्व में टीम शनिवार को दुर्गदासपुर गांव पहुंची।
जहां पीड़ित महिला समेत पति इंद्रजीत सिंह से घटना के संबंध में जानकारी की। महिला के पति ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने घर में घुसकर उनकी पत्नी को पीटा है। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की।
बसपा नेताओं ने चौकी इंचार्ज के इस कृत्य को निंदनीय बताते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई किए जाने की मांग की। बताया कि इसकी रिपोर्ट वह बसपा नेतृत्व को सौंपेंगे। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र संखवार, सर्वेश दोहरे, समशाद खान, रियाज खान, जेके वारिशी, धर्मेंद्र संखवार, रामस्वरूप अटल मौजूद रहे।
वहीं आजाद पार्टी के मंडल प्रभारी अजैंद्र यादव और जिलाध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम ने दुर्गदासपुर गांव पहुंच कर परिजनों से मामले की जानकारी की। जिसमें उन्होंने चौकी इंचार्ज के कृत्य को अमानवीय बताया। कहा कि इस प्रकरण को लखनऊ तक पुरजोर तरीके से उठाएंगे। (संवाद)
तस्वीर ट्वीट कर अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना
कानपुर देहात। पुखरायां में चौकी इंचार्ज की ओर से महिला की पिटाई करने की तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है। ये तस्वीर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करके भाजपा पर निशाना साधा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा है कि भाजपा सरकार के कृपापात्र कुछ पुलिस कर्मियों के दुर्व्यवहार से पुलिस महकमे की छवि धूमिल होती है। उन्होंने आगे लिखा की भाजपा के शासन में महिलाएं तक सुरक्षित नहीं हैं। घटना की निंदा करते हुए लिखा की नहीं चाहिए भाजपा। पूर्व सीएम के ट्वीट को लेकर जिले में चर्चा होती रही। (संवाद)
महिला दो दिन पहले चौकी इंचार्ज की शिकायत लेकर आई थी। इस पर मामले से आईजी को अवगत कराया गया था। उन्होंने आगे से ऐसा नहीं होने का आश्वासन दिया था। चौकी इंचार्ज ने अगर महिला को पीटा है तो यह गलत है। ऐसे लोगों से सरकार की छवि खराब होती है। - भगवती प्रसाद सागर, विधायक बिल्हौर
महिला से पिटाई के मामले में चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर करने के साथ ही सीओ भोगनीपुर को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। - केशव कुमार चौधरी, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें