कानपुर देहात। विद्युत सखी एक माह से बिजली बिल जमा कर पाने की परेशानी से जूझ रही हैं। हालात ये हैं कि केवल 23 विद्युत सखी इस माह बिल जमा कर पा रही हैं। वहीं, स्मार्ट मीटर एप्लीकेशन इंस्टाल करने की दिक्कत के चलते 70 विद्युत सखी बिल जमा नहीं कर पा रही हैं। हालांकि जिम्मेदार अधिकारी जल्द समस्या समाधान कराने की बात कह रहे हैं।
जिले में करीब 25 हजार स्मार्ट मीटर लग गए हैं। ऐप के जरिये विद्युत सखियां सामान्य मीटर वाले कनेक्शनों का बिल जमा कर पा रही थीं। प्रीपेड मीटर का बिल जमा करने की सुविधा उनके पास उपलब्ध नहीं थी। विद्युत सखियां स्मार्ट मीटर का बिल भी जमा कर सकें इसके लिए नया ऐप उपलब्ध कराया गया। यह ऐप विद्युत सखियों के मोबाइल पर इंस्टाल कराया गया। इसके बाद पुराने खाते की धनराशि का नये एप्लीकेशन में समायोजन की प्रक्रिया में समय लगने की वजह से बीते माह सभी 93 विद्युत सखियों की आईडी बंद हो गई थी।
अब एक माह बाद 23 विद्युत सखी की आईडी शुरू हुई है तो ये बिल जमा कर पा रही हैं। जबकि 70 विद्युत सखियां कोई बिल जमा नहीं कर पा रही हैं। इससे इस माह भी विद्युत सखी की आमदनी प्रभावित हुई है।वहीं गांव में जमा हाेने वाला बिल लेकर अब उपभोक्ताओं को उपकेंद्र के कैश काउंटर या फिर जनसेवा केंद्र जाना पड़ रहा है। बता दें कि बिजली बिल जमा करने के लिए 328 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। हालांकि मौजूदा समय में 93 विद्युत सखी बिजली बिल जमा करने का काम कर रही हैं। अन्य विद्युत सखी को प्रिंटर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
.............
बयान
स्मार्ट मीटर का बिल विद्युत सखी जमा कर सकें इसके लिए मार्च अंत में नया ऐप आया। इसे विद्युत सखियों के मोबाइल एप पर इंस्टाल कराया गया है। अब उनके खाते में धनराशि समायोजन नहीं हो सका है। इसकी वजह से 70 विद्युत सखियां फिलहाल बिल जमा नहीं कर पा रही हैं। जल्द इनकी आईडी काम करने लगेगी, इसकी प्रक्रिया की जा रही है। - निखा सचान, जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम।