Orai News: कानपुर-झांसी हाईवे के पिरौना चौकी के पास डीसीएम और डंपर में जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे दोनों ही वाहनों में भीषण आग लग गई। दोनों वाहनों के चालकों ने कूदकर जैसे-तैसे जान बचाई।
उरई में झांसी से गिट्टी और डस्ट लेकर रविवार सुबह ट्रक व डीसीएम उरई की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहनों ने झांसी सीमा क्रॉस कर जालौन बॉर्डर में प्रवेश किया, तो ओवरटेक के चक्कर में दोनों में भिड़ंत हो गई। इससे दोनों ही वाहनों में आग लग गई।
विज्ञापन
किसी तरह ट्रक का ड्राइवर और हेल्पर कूदकर भाग निकले, जबकि डीसीएम का ड्राइवर व हेल्पर उसी में फंस गए। गनीमत यह रही कि नजदीक में ही पिरौना पुलिस चौकी थी, जहां लोगों ने इसकी जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे चौकी के दरोगा पुष्पेंद्र सिंह और अन्य सिपाहियों ने किसी तरह डीसीएम में फंसे ड्राइवर और हेल्पर को निकाल कर इलाज के लिए भेजा, जबकि दोनों ही वाहन आग का गोला बन गए।
नेशनल हाईवे पर आग का गोला बने दोनों वाहनों की वजह से यातायात भी प्रभावित रहा और दूसरी तरफ से वाहनों की आवाजाही पुलिस ने कराई। आग बुझाने के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन जल चुके थे। पुलिस ने टोल प्लाजा की मशीनों को बुलाकर हाईवे को साफ कराया, तब जाकर यातायात दुरुस्त हो सका।