कानपुर देहात। किसान सम्मान दिवस पर 23 दिसंबर को फसलों के उत्पादन में आगे रहने वाले प्रगतिशील किसानों को पुरस्कृत किया जाना है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए किसानों से आवेदन मांगे गए हैं।
उपनिदेशक कृषि हरिशंकर भार्गव ने बताया कि 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई जाती है। इसी दिन किसानों का सम्मान किया जाता है। केवल दस रुपये आवेदन शुल्क के साथ 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। कृषि फसलों की प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक किसान संबंधित ब्लॉक में बीज गोदाम प्रभारी के पास आवेदन जमा करें या उप कृषि निदेशक कार्यालय (कृषि विभाग) में आवेदन जमा कर सकते हैं। औद्यानिक फसलें (फल, सब्जी, फूल व मसाला) के लिए आवेदन कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी में जमा किया जाना है।
पशुपालन (डेयरी व पशु उत्पाद) के लिए आवेदन सीवीओ कार्यालय में जमा होंगे। मत्स्य पालन क्षेत्र में नवाचार और बेहतर उत्पादन के लिए इच्छुक मत्स्य पालक आवेदन सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय (मत्स्य विभाग) में जमा कराएं। उन्होंने बताया कि फसल पकने पर कृषि अधिकारियों व कृषि वैज्ञानिकों की टीम की देखरेख में खेत पर लाइव फसल कटाई और वजन कराया जाएगा। इसके आधार पर उत्पादकता मूल्यांकन होगा। जिला एवं राज्य स्तर पर सर्वाधिक पैदावार देने वाले किसानों की मेरिट बनेगी। विजेता किसानों को 23 दिसंबर को नकद राशि व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।