कानपुर। शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार बेहद धीमी है। पिछले 32 महीनों में केस्को के 7.57 लाख बिजली उपभोक्ताओं में से सिर्फ 2.40 लाख यानी करीब 29 फीसदी के यहां स्मार्ट मीटर लग पाए हैं। शेष 71 फीसदी उपभोक्ताओं को मीटर लगने के लिए मार्च 2028 तक इंतजार करना पड़ सकता है। निर्धारित समयसीमा तक सभी मीटर लगाने का लक्ष्य है।
शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की जिम्मेदारी दिसंबर 2019 में एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) को मिली थी, लेकिन कंपनी ने बीच में ही काम छोड़ दिया। इसके बाद जीनस कंपनी को शेष कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। धीमी प्रगति के कारण हर महीने एक फीसदी मीटर भी नहीं लगाए जा सके हैं।
बिजली की वास्तविक खपत का आकलन करने के लिए शहर के सभी 97 सबस्टेशनों से जुड़े फीडर और डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मरों पर भी मीटर लगाए जाने हैं। जीनस कंपनी के पदाधिकारियों के मुताबिक, सभी फीडरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन करीब 30 फीसदी डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगना बाकी है।
जीनस के प्रोजेक्ट हेड राकेश यादव ने बताया कि कुल 6.35 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, जिनमें से करीब 2.40 लाख लग चुके हैं। शेष काम निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर अब तक कोई शिकायत संज्ञान में नहीं आई है।