प्याज की बढ़ रही कीमतों के बीच एक अजब गजब मामला सामने आया है। फुटपाथ की दो अस्थायी सब्जी की दुकानों से चोरों ने रात में 35 किलो प्याज चोरी कर लिया। क्षेत्र के कटरा गांव निवासी तुलसीराम और नसरापुर निवासी पृथ्वीराज तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर कलक्ट्रेट रोड के पास फुटपाथ पर सब्जी की दुकान लगाते हैं।
बुधवार शाम करीब सात बजे दोनों दुकानदार बची हुई सब्जियों को तिरपाल से ढककर घर चले गए। सुबह आए तो प्याज गायब मिला। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। चोरों ने तुलसीराम की दुकान से 20 किलो और पृथ्वीराज की दुकान से करीब 15 किलो प्याज पार कर दिया। अन्य सब्जियां नहीं ले गए।
दुकानदार तुलसीराम ने बताया कि प्याज चोरी करने के बाद चोर तिरपाल से सब्जियों को पहले की ढककर चले गए। प्याज की बढ़ी कीमतों के चलते चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। वहीं सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें प्याज चोरी की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।