कानपुर। हैलट अस्पताल का सोमवार को प्राचार्य डॉ. संजय काला और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने निरीक्षण किया। इस बर्न यूनिट के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर कार्यदायी संस्था को एक महीने में काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। प्राचार्य ने हर हाल में छह नवंबर तक भवन साैंपने के निर्देश दिए। प्राचार्य ने प्रिंसिपल सेक्रेटरी और डीजी से भी मैनपॉवर को लेकर बात की है।
पता चला कि लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। सीवर चैंबर को चूहों ने बर्बाद कर दिया है जिसे दोबारा पक्का बनाकर टाइल्स लगाने के निर्देश दिए हैं। फ्लश लगाने का काम और पानी की सप्लाई संबंधी काम बाकी है। प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि हमने बर्न यूनिट के लिए 90 स्टाफ की मांग की है। यूनिट में दस करोड़ रुपये के उपकरणों के लिए भी हमने प्रस्ताव भेजा था जो मंजूर नहीं हुआ है। हालांकि हम सीएसआर फंड से सहयोग लेकर कुछ उपकरण लगाएंगे और प्रथम तल पर 26 बेड के साथ यूनिट शुरू कर देंगे। आईसीयू में तीन बेड ही रहेंगे जब पूरा स्टाफ आ जाएगा तो हम बेड का विस्तार करते हुए पूरे 50 बेड का संचालन करेंगे।