उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक लुटेरा मंगलवार को नगर की एसबीआई शाखा से ग्राहक के एक लाख 83 हजार 506 रुपये से भरा बैग ले भागा। सीसीटीवी में एक संदिग्ध शख्स बैग ले जाते कैद हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कैमरे से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरे की तलाश में जुटी है।
खागा नगर के चौक बाजार जीटी रोड निवासी लक्ष्मी एजेंसी के मालिक बुद्धसेन केशरवानी के पास मसाला, ब्रेड व घी की एजेंसी है। उनका बेटा विजय केशरवानी सुबह करीब साढ़े दस बजे काले रंग के पिट्ठू बैग में 1,83,506 रुपये रखकर बैंक पहुंचा। विजय ने बताया कि उप प्रबंधक काउंटर पर कोई कर्मचारी नहीं था, इसलिए बैग जमीन पर रखकर मोबाइल पर बात करने लगा। बात पूरी होने पर देखा तो बैग गायब था। बगल की बेंच पर बैठा युवक भी नदारद था। वह दौड़ कर बाहर गया, लेकिन युवक कहीं नजर नहीं आया।
वारदात से बैंक में खलबली मच गई। सूचना पर सीओ सुरेंद्र कुमार, कोतवाल अनिल कुमार राय आए। बैंक में मौजूद ग्राहकों से पूछताछ में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। तब पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर बैग ले जाते शख्स की तलाश शुरू कर दी गई है। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। लूट और छिनैती की घटनाएं बढ़ने पर व्यापारियों ने रोष जताया है।
-स्टेट बैंक में रुपये जमा करने आया था फतेहपुर के व्यापारी का बेटा, सीसीटीवी में कैद हुआ लुटेरा