कानपुर। चकेरी के सनिगवां में बीते सात सितंबर को दो जगह चोरी होने के बाद चोरों ने अगले ही दिन सुबह मेडिकल स्टोर से इनवर्टर चोरी कर पुलिस को चुनौती दे दी। पीड़ित ने चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भाभानगर निवासी कौशलेंद्र सिंह के मुताबिक उनकी शिव मेडिकल एंड जनरल स्टोर नाम से मंगलाविहार दो में टेंपो स्टैंड के पास दुकान है। बताया कि बीते आठ सितंबर की सुबह सात बजे नौकरानी दुकान की साफ-सफाई करने आई थी। वह करीब 8:30 बजे गेट बंदकर चली गई थी। नौ बजे के करीब बाइक सवार दो चोर दुकान आए। एक बाहर ही बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा जबकि दूसरा गेट खोल कर अंदर गया और दुकान की गैलरी में रखा इनवर्टर खोल कर भाग गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कार्यवाहक थाना प्रभारी कुलदीप सिंह सिंगर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से चोरों की तलाश की जा रही है।
तीन दिन से व्यापारी कर रहे रात्रि गश्त
चोरी का खुलासा न होने पर एक ओर जहां लोगों में आक्रोश है। वहीं व्यापारी भी अब खुद ही अपनी सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त तीन दिन से कर रहे हैं। इस दौरान गणेशपुर, मंगल विहार फर्स्ट, विमान नगर, सनिगवां, अन्ना चौराहा समेत कई चौराहाें पर संदिग्ध व्यक्तियों के दिखाने पर उनसे पूछताछ कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि पिकेट पॉइंट पर पुलिस बल की अभी तक तैनाती नहीं हुई है।