शुक्लागंज में कोतवाली गंगाघाट के गंगा बैराज मार्ग पर लक्ष्मीखेड़ा मोड़ के निकट कार-बाइक की भिड़ंत हो गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चचेरे भाई की मौत हो गई जबकि दूसरे भाई की हालत नाजुक है। दोनों चचेरे भाई कानपुर से फतेहपुर चौरासी की ओर जा रहे थे।
देर रात शॉर्ट सर्किट से हादसा करने वाली कार आग लगने से जल गई। चर्चा है कि कार सवारों ने ही कार को जलाया है। मंगलवार शाम पांच बजे कुशालपुरवा थाना फ तेहपुर चौरासी निवासी संतोष (25) पुत्र मेवालाल अपने ताऊ शंकर के बेटे सुरेश (26) के साथ बाइक से ग्वालटोली, कानपुर स्थित अपनी ससुराल से घर आ रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक गंगा बैराज पर लक्ष्मीखेड़ा मोड़ के निकट पहुंची तभी सामने से आ रही तेज गति कार आकर सीधे बाइक से टकरा गई। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सुरेश चला रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपनी ही जीप से तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान सुरेश को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली गंगाघाट के एएसआई अजय कुमार तिवारी ने बताया कि बाइक में एक बैग था पर उसमें कोई दस्तावेज न होने से शिनाख्त न हो सकी फिर उनके पास मिले मोबाइल फोन से जब संपर्क किया गया तब शिनाख्त हो सकी।
बताया कि दोनों चचेरे भाई दिल्ली स्थित एक धागा कंपनी में काम करते थे और लॉकडाउन के बाद से गांव में रह रहे थे। सुरेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई है। दोनों को कोतवाली भिजवाया गया। मौके से कार सवार लोग भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरेश ने हेलमेट लगा रखा था।
भीड़ जुटने से लगा जाम
गंगा बैराज मार्ग के लक्ष्मीखेड़ा के निकट मार्ग दुर्घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जुटने लगी। घटना तकरीबन पांच बजे हुई। आधे घंटे तक भीड़ रहने के कारण बैराज मार्ग पर आवागमन बाधित होने लगा जिससे करीब जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को हटाया तब कहीं यातायात बहाल हो सका।