रनियां। थाना क्षेत्र के खानचंद्रपुर में बृहस्पतिवार देर शाम मजदूरों के बीच हुए विवाद में एक मजदूर ने दूसरे मजदूर के सिर में डंडा मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले आए। यहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई।
सरवनखेड़ा गजनेर थाना क्षेत्र के जसौरा निवासी सुजीत ने बताया कि भाई कुलदीप (35) की शादी तीन शाल पहले बरौर निवासी पूजा के साथ हुई थी। उनका एक दो साल का बेटा कार्तिक भी है। भाई अपनी पत्नी व बच्चे के साथ खानचंद्रपुर में बाबू सिंह के मकान में रहकर एक स्टील फैक्टरी में काम करता था। कुछ दिन पहले पूजा अपने बेटे को लेकर मायके गई थी। बृहस्पतिवार शाम को उसके मकान में किराये पर रह रहे उन्नाव निवासी मजदूर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर मजदूर ने भाई के साथ मारपीट कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पड़ोसियों से मिली जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजन ने उन्नाव निवासी मजदूर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। रनियां थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि महिला से छेड़छाड़ को लेकर मजदूरों में आपास में मारपीट हुई थी। सिर में डंडा लगने से एक मजदूर की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।