शहर आए नगर विकास मंत्री आजम खां ने सोमवार को कहा कि भाजपा, संघ ने रोजा इफ्तार का आयोजन किया है। मैं समझता हूं कि एक दिन वे नमाज में भी शरीक होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे इतने बेवकूफ नहीं हैं कि 25 साल तक राज करने की बात कहें।
मैं नहीं मानता कि उन्होंने ऐसी बात कही होगी। परेड साइकिल मार्केट स्थित एक करीबी के घर पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि मिशन नमामि गंगे के तहत केंद्र सरकार के पास गंगा सफाई के लिए प्रोजेक्ट भेजे गए हैं पर केंद्र सरकार पर्याप्त धन नहीं दे रही है।
एक रुपया मांगने पर पांच पैसे ही दिए जा रहे हैं। गंगा तभी साफ होगी और नाले तभी बंद होंगे, जब केंद्र सरकार पूरा प्लान एप्रूव करे और पूरा धन दे। केंद्र सरकार पर इशारा करते हुए कहा कि गंगा सफाई के लिए नीयत साफ रखनी पड़ेगी।
नगर विकास मंत्री ने बताया कि जेएनएनयूआरएम के तहत बिछाई गई पाइपों में से जिंदल कंपनी की पाइप घटिया होने की शिकायतें मिली है। इसकी जांच हो रही है। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी साबित होने पर कंपनी को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। जेएनएनयूआरएम के तहत जलापूर्ति और सीवर परियोजना पर काम तेजी से हो रहा है।
जाजमऊ वीआईपी रोड पर पड़ी घटिया पाइप लाइन तीन दिन पहले लगातार दो बार फटने पर कार्रवाई के बारे में पूछने पर कहा कि शिकायत मिलने कर कार्रवाई करूंगा। इसके बाद विधायक गजाला लारी के कर्नलगंज स्थित घर में आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में नगर विकास मंत्री ने शिरकत की।