रसूलाबाद (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के भीखेदव में 23 मार्च को युवक ने रिंद नदी किनारे स्थित धोबी घाट पर पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी थी। शनिवार को सातवें दिन पत्नी ने छत के कुंडे से दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। फॉरेंसिक व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
भीखदेव निवासी शोभा देवी (30) का शव शनिवार शाम को फंदे पर लटकता मिला। देवर जीतू ने बताया कि विगत 23 मार्च को भाई-भाभी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसके बाद भाई दिलीप कुमार (32) ने रिंद नदी के किनारे धोबी घाट पर लगे पेड़ पर कपड़े का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
इधर भाई की मौत से आहत भाभी ने सातवें दिन शनिवार को फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। देवर ने बताया कि जब वह घर आया तो भाभी के न दिखने पर उनके कमरे की तरफ गए तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कमरे में झांक कर देखा तो उनका शव फंदे से लटकता मिला।
वहीं, सूचना पाकर मृतका के मायके कानपुर नगर के भौतीखेड़ा से आए पिता रामशंकर, मां जगवती, भाई वीरेंद्र, सिंटू, विपिन रो-रोकर बेहाल हैं। दोनों की शादी जून 2018 में हुई थी। चौकी इंचार्ज कहिंजरी योगेश शर्मा ने बताया कि पति वियोग में पत्नी ने जान दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। रसूलाबाद थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि दिलीप की मौत की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी। महिला की मौत की जानकारी हुई है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
..................
मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
23 मार्च को पिता दिलीप व शनिवार को मां शोभा देवी की मौत के बाद मासूम बच्चों कृष्णा (03) व अंशिका (05) के सिर से माता-पिता का साया छिन गया। दोनों के सामने पालन-पोषण का भी संकट खड़ा हो गया। ग्रामीणों में चर्चा रही कि मासूमों को अहसास तक नहीं कि उनके माता-पिता की मौत हो गई है।