रूरा। ईद पर्व नजदीक आते ही बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। महिलाएं, बच्चें व पुरुष सभी बाजार में कपड़ों, सेवई व टोपियों की खरीदारी करते नजर आएं।
रमजान के आखिरी जुमे के बाद ईद के त्योहार का अब मात्र एक दिन शेष बचा है। ऐसे में मुस्लिम परिवारों में तैयारियां जोरो पर चल रही हैं। वहीं, बाजार में कपड़ों की दुकानों में रौनक बढ़ गई है। ईद पर नए कपड़ों को खरीदने की परंपरा के चलते दुकानों में शेरवानी कुर्ते, पजामा, अलीगढ़ी शूट समेत पठानी शूट डिजाइनों की काफी मांग है। कुर्ता-पजामा 500 से लेकर चार हजार रुपये में बिक रहे हैं।
वहीं, डिजाइन वाले कुर्ते पजामा का सेट डेढ़ हजार से लेकर ढाई हजार तक कीमत में है। इसके अलावा सिलाई दुकानों में भी खासी भीड़ लग रही है। नगर के दुर्गा मंदिर के ठीक सामने वाली मार्केट के दुकानदार गोलू कटियार बताते हैं कि ईद की वजह से रेडीमेड कपड़ों की मांग अधिक बढ़ी है। वहीं दुकानदार शक्ति गुप्ता ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले से ही दुकान में स्टॉक लगा लिया था। 50 प्रतिशत माल शेष बचा है। महिला परिधानों में नायरा, अनारकली गाउन, काटन लोन चिकनकरी शूट, प्लाजो व जयपुरी सूट, गरारा सूट की अधिक मांग है। इसी तरह बाजार में वेलवेट, ओवेसी, जिरवी, नब्बे फूल टोपियों की मांग अधिक है।