शहर में मंगलवार को हुई यूपी टीईटी (उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा) की समाप्ति के बाद ओएमआर शीट घर ले जाने वाले आठ परीक्षार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इनमें चार परीक्षार्थी चिरंजी लाल राष्ट्रीय इंटर कालेज और चार ओईएफ फूलबाग कालेज में परीक्षा दे रहे थे। वहीं, दो पालियों में हुई परीक्षा की पहली पाली में 45 केंद्रों में पंजीकृत 25,179 परीक्षार्थियों में 1613 और दूसरी पाली के आठ केंद्रों में पंजीकृत 6100 परीक्षार्थियों में 315 ने परीक्षा छोड़ी है।
उधर, परीक्षा के दौरान केंद्र में मोबाइल बैन होने से परीक्षार्थी परेशान रहे। बाहर से अकेले आए परीक्षार्थियों ने आसपास दुकानों में पर्ची लेकर मोबाइल रखे। केंद्रों में लगे पर्यवेक्षकों को भी मोबाइल बाहर छोड़ना पड़ा। परीक्षा में प्रवेश पत्र और परीक्षार्थी के फार्मों से उनके हस्ताक्षर का मिलान कर वेरिफिकेशन किया गया।
मंगलवार को टीईटी सुबह 10:00 से 12:30 और 2:30 से 5:00 बजे की पाली में आयोजित की गई थी। परीक्षा देकर छूटे पहली पाली के परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे।
साइंस वर्ग का पेपर सरल रहा। 45 में केंद्रों में 45 व्यवस्थापक, 90 पर्यवेक्षक, सात-सात सुपर जोनल मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट और 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। एक सेक्टर मजिस्ट्रेट को दो से तीन केंद्रों में पेपर पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इन्हें सुबह सात बजे ट्रेजरी बुलाकर परीक्षा से दो घंटे पहले केंद्रों में पेपर पहुंचाने के निर्देश थे।
डीआईओएस ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं (ओएमआर शीट) सचिव नियामक प्राधिकारी इलाहाबाद को भेज दी गई हैं। परीक्षा जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने संयोजित कराई है।