लवकुशनगर-महोबा मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक में सवार वृद्धा की मौत हो गई और उसका नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न लगाए होने से युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
गड्ढेयुक्त सड़क पर आएदिन दुर्घटनाएं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सीओ सिटी जटाशंकर राव व कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह के काफी मान-मनौव्वल के बाद जाम खुल सका।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शाहपहाड़ी निवासी अनिल (18) पुत्र लालदिवान अपनी दादी सियारानी (65) पत्नी भागीरथ के साथ रक्षाबंधन पर मध्यप्रदेश के ग्राम पठा रिश्तेदारी में गया था। बुधवार सुबह वह दादी को लेकर बाइक से घर लौट रहा था।
तभी शाहपहाड़ी से एक किमी पहले तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक पर टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया और सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक वर्ष से सड़क पूरी तरह उखड़ी पड़ी है। कई बार लिखापढ़ी के बाद भी सड़क का निर्माण नही कराया गया। सड़क की स्थिति सही न होने से आए-दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
जाम की सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी व कोतवाली प्रभारी ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। उन्होंने दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर को कब्जे में लेकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।