हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में बैंक से रुपये निकाल कर पैदल घर जा रहे वृद्ध को बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर बाइक ने टक्कर मार दी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के करेहटा निवासी चंदन (६६) खेती करता था। शनिवार को चंदन छिबरामऊ स्थित बैंक से रुपये निकालने गया था। बैंक से रुपये निकालने के बाद दोपहर में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर पैदल घर जा रहा था।
इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने चंदन को टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगने से वह सिर के बल सड़क पर जा गिरा। सिर में चोट आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाया गया।
यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मिलने पर परिजन मौके पर आ गए। ग्राम प्रधान सुरेंद्र ने बताया कि मृतक के चार बेटे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि बाइक की तलाश की जा रही है।