फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईटेंशन लाइन से उलझकर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ने मौके पर ही तोड़ा दम, जेई सस्पेंड

Fri, 19 Jul 2019 12:04 AM IST
प्रभापुंज मिश्रा यूपी डेस्क, अमर उजाला, औरैया
विज्ञापन
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलसने से वृद्ध की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

औरैया में साइकिल से दूध लेने जा रहे सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गुरुवार तड़के ग्राम खजुवैया को जाने वाले चकरोड पर खंभे से झूल रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। तेज करंट से गंभीर रूप से झुलसने से उनकी मौके पर मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इंकार कर दिया।

विज्ञापन


एसडीएम औरैया और एक्सईएन विद्युत के दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन और मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर लगभग तीन घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। एक्सईएन बीपी सिंह ने बताया कि अवर अभियंता विजय सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है और दो संविदाकर्मी अरुण एवं महेश शर्मा को हटा दिया गया है। 

 

गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दिबियापुर से प्रेम शिवानंद इंटर कॉलेज होते हुए ग्राम खजुवैया को जाने वाले चकरोड पर एक साइकिल सवार रास्ते में खंभे से टूटकर झूल रहे एचटी लाइन की चपेट में आकर धू धूकर जलने लगे। लोगों ने तुरंत विभाग को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई पर तब तक देर हो चुकी थी।

साइकिल सवार की बुरी तरह से झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दिबियापुर में इंदिरानगर वार्ड निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रामसनेही शर्मा के रूप में की। जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ पहुंच गए।

 

मृतक के बेटे अनिल शर्मा ने बताया कि मूल रूप से बिलावां अजीतमल के निवासी उनके पिता रामसनेही शर्मा (69) पुत्र गयाप्रसाद शर्मा श्रीश्याम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनंतराम सोनासी से प्रधानाचार्य पद से लगभग सात वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। इंदिरानगर वार्ड में फफूंद चौराहे के पास मकान बनवाकर रहते थे।

प्रतिदिन सुबह साइकिल से दूध लेने के लिए जाते थे। घटना की सूचना पर एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुपम शुक्ला, एक्सईएन विद्युत बीपी सिंह भी पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बुधवार देर शाम लगभग साढ़े नौ बजे तार टूटने की जानकारी विभाग को दी गई। इसके बावजूद तार दुरुस्त नहीं किया गया।

 
विज्ञापन

नगर पंचायत दिबियापुर के चेयरमैन अरविंद पोरवाल ने इसके लिए सीधे एक्सईएन को दोषी ठहराया। दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे के आश्वासन के बाद लगभग साढ़े आठ बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के अनुसार अभी केवल घटना की सूचना मिली है। 

तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इस संबंध में एक्सईएन बीपी सिंह के अनुसार दो संविदाकर्मी अरुण एवं एसएसओ महेश शर्मा की सेवाएं समाप्त कर दी गईं है तथा अवर अभियंता विजय सिंह को कार्य में लापरवाही बरतने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें