फर्रुखाबाद में खेत व मकान पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में भतीजों ने अपने साधु चाचा को ही लाठी-डंडों व फावड़े से हमला कर दिनदहाड़े मार डाला। पुलिस ने शव उठाकर ट्रैक्टर-ट्राली में रख लिया। परिजनों व ग्रामीणों ने विरोध कर उतार लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मृतक की पत्नी ने जेठ के तीन बेटों पर हत्या का आरोप लगाया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जाजपुर गोवा निवासी धनीराम यादव उर्फ बाबा (58) पुत्र स्व. मुंशीलाल यादव व उनकी पत्नी मीना देवी उर्फ सत्यवती करीब 15 वर्ष पूर्व साधु हो गए थे। उनके एक बेटा प्रभात यादव उर्फ मुन्नू सिंह है। वह दिल्ली में परिवार के साथ रहता है। धनीराम व उनकी पत्नी इधर-उधर मंदिरों में घूमते रहते थे। इस बीच उनके भतीजे उनके मकान में ताला डाल देते थे उनके लौटने पर विवाद होता था।