शायद ये सही ही कहा जाता है कि एक मां-बाप चार बच्चों को पाल देते हैं लेकिन चार बच्चे मिलकर एक मां-बाप की सेवा नहीं कर पाते। ऐसा ही एक मामला कानपुर के अमीपुर में देखने को मिला है जहां मां की सेवा तो दूर उल्टा इतना परेशान किया कि मजबूरन उन्होंने नहर में कूद कर जान देने का प्रयास किया।
अर्मापुर में शनिवार को बेटे और बहुओं से परेशान वृद्धा नहर में कूद गई। बाइक सवार युवक ने किसी तरह उसे नहर से बाहर निकाला। इसके बाद वृद्धा को पनकी स्थित महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वृद्धा ने बताया कि पति की पेंशन ही उसका सहारा है। बैंक पहुंचने पर पेंशन के रुपये निकलने की जानकारी हुई। इससे वह आहत थी।
बर्रा 8 निवासी हरि प्यारी (72) के पति की एक हादसे में मौत हो गई थी। वह गन फैक्ट्री कर्मी थे। हरि प्यारी के चार बेटे मुन्ना, कल्लू, बबलू और राजू है। राजू इलाहाबाद में रहता है। आरोप है कि पति की मौत के बाद तीनों बेटे नौकरी के लिए आपस में भिड़ गए। इस वजह से किसी को नौकरी नहीं मिली। हरि प्यारी को पेंशन मिल रही है। आरोप है कि बेटे और बहुएं उनको प्रताड़ित करते हैं। वे उनकी पेंशन भी निकाल लेते हैं। बीते दिन वह बैंक से पैसे निकालने गई तो खाते में पैसा नहीं थे। इससे वह आहत थी। शनिवार को वह बैंक के कागजात लेकर अर्मापुर पहुंची और नहर से कूद गई।
वहां से गुजर रहे बाइक सवार ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। पुलिस ने उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वृद्धा का कहना है कि वह घर नहीं जाना चाहती। एसओ का कहना है कि अभी उनका उपचार चल रहा है। परिजनों को बुलाकर हिदायत दी जाएगी। इसके बाद वृद्धा को उनके सुपुर्द किया जाएगा।