कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र में खेत पर बकरी चराने गए वृद्ध किसान पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। लोगों ने जब तक आग जलाकर मधुमक्खियों को भगाया, किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शिवली कोतवाली की ग्राम सभा मैथा मांडा के मजरा तिलियानी निवासी जगदीश कुशवाहा (66) सोमवार की देर शाम गांव के बगल में अपने खेत पर बकरी चराने गए थे। तभी आम के पेड़ पर लगे छत्ते से मधुमक्खियों के झुंड ने उनपर हमला कर दिया।
जानकारी मिलने पर परिजन व ग्रामीणों ने आग जलाकर मधुमक्खियों को भगाया और इलाज के लिए अस्पताल ले गए। तब तक किसान की मौत हो गई। जानकारी पर बेटा राजेंद्र, अविनाश व अन्य परिजन रोते-बिलखते रहे। मृतक की पत्नी की एक साल पहले मौत हो चुकी है।
सूचना पर मैथा चौकी प्रभारी सीताराम निरंजन, क्षेत्रीय लेखपाल नंदकिशोर, ग्राम प्रधान राजेंद्र कुशवाहा मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी वीरपाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।