दंपति की हत्या के बाद मौके पर जमा भीड़
- फोटो : अमर उजाला
रात को घर के बाहर सो रहे वृद्ध दंपति की धारदार हथियार से सिर कूंच कर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस घटना के पीछे पुत्रवधू से चल रहा विवाद बताया गया है।
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के बिरारी में गांव बिरारी गांव निवासी 58 वर्षीय बैजनाथ प्रजापति 55 वर्षीय पत्नी बिटोली देवी के साथ रोजाना की भांति अपने घर के बाहर सो रहे थे। रात के समय उनकी सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। जब गांव के लोग उनके घर के सामने से होकर गुजरे तो उन्हें चारपाई पर लेटा हुआ देखा तो उन्हें कुछ शंका हुई। वह दोनों सुबह ही जग जाते थे और अपने जानवरों को चारा पानी करने लगते थे।
लोगों ने दी पुलिस को दोहरे हत्याकांड की सूचना
घटना की जानकारी करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार सुबह जब वह सोकर नहीं उठे तो उन्हें कुछ शक हुआ। लोगों ने उनकी चारपाई के पास जाकर देखा तो दोनों के शव लहूलुहान अवस्था में पड़े थे। दोनों की हत्या होने की जानकारी जैसे ही लोगों को हुई तो गांव व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दोहरे हत्याकांड की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद एएसपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह के अलावा एसओ बकेवर आलोक राय मौके पर पहुंचे। एएसपी ने फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया। उन्होंने मौके से आवश्यक सुबूत जुटाए। डॉग स्क्वायड उनके घर से पश्चिम दिशा में खेताें तक जाकर रुक गया।
पूछताछ में लोगों ने बताया कि दंपति का अपनी पुत्र वधू से विवाद चल रहा था। इसी कारण से उनकी हत्या की गई है। इस संबंध में मृतक के बडे़ भाई राम रतन ने भतीजे की पत्नी रिंपी उर्फ शिल्पी, धर्मेंद्र व सच्चू श्रीवास्तव निवासी बिधूना औरैया के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया दोनों की हत्या पुराने विवाद को लेकर की गई है। पुत्रवधू सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।