डेरापुर। रूरा मार्ग पर सेंगुर नदी के पुल के पास हो रहे खनन की जानकारी पर खनन अधिकारी ने टीम के साथ छापेमारी की। टीम के पहुंचने पर खनन कर रहे लोग पोकलैंड मशीन व डंपर छोड़ कर भाग निकले। वाहनों को पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
पुल के पास कई दिनों से खनन होने की जानकारी पर सोमवार रात खनन अधिकारी विकास सिंह परमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके टीम के साथ पहुंचते ही। वहां से कुछ लोग इधर उधर भाग निकले। मौके से एक डंपर व पोकलैंड मशीन मिली है। जिसे दूसरे वाहनों की मदद से थाना परिसर में लाकर खड़ा कराया गया है। खनन करने वालों का पता लगाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि खनन अधिकारी के निर्देश पर दोनों वाहनों को सुपुर्दगी में लिया गया है।