कानपुर देहात। फार्मर रजिस्ट्री के लिए खतौनी व आधार के नामों में अंतर को लेकर भी समस्या बनी हुई है। नाम दुरुस्ती वाद के लिए हर दिन सैकड़ों किसान खतौनी निकलवाने तहसील पहुंच रहे हैं। वहीं, अगली सम्मान निधि किस्त न मिलने को लेकर किसान परेशान हैं, जबकि अफसर पोर्टल में जल्द बदलाव का भरोसा दे रहे हैं। हालांकि स्थिति जस की तस है।
जिले में 3, 48, 198 किसान सम्मान निधि लाभार्थी हैं। इन सभी को फार्मर रजिस्ट्री करानी है। फिलहाल 31 जनवरी अंतिम तिथि है। फार्मर रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन पंजीयन में दो बार ओटीपी लाभार्थी किसान के मोबाइल पर आती है। दिन में पोर्टल सुस्त होने की दिक्कत का समाधान नहीं हो सका है। इसकी वजह से रात में शिविर लगाए जा रहे हैं।
इधर खतौनी व आधार के नामों में अंतर को लेकर किसान परेशान हो रहे हैं। शुक्रवार तक 99, 919 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो गई। यह 28.7 फीसदी है। किसानों में फार्मर रजिस्ट्री न हो पाने पर सम्मान निधि की अगली किस्त न आने को लेकर बेचैनी है। खतौनी व आधार के नामों में अंतर पर नाम दुरुस्ती वाद दाखिल करने के लिए किसान तहसीलों में खतौनी निकलवाने पहुंच रहे हैं।
इससे भूलेख में काउंटर पर भीड़ उमड़ रही है। घंटों इंतजार के बाद किसानों को खतौनी मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि अफसर पोर्टल में जल्द बदलाव और पंजीयन में सौ फीसदी फिल्टर में छूट की व्यवस्था की बात कह रहे हैं। मगर करीब दस दिन में पोर्टल जस का तस है। इसको लेकर छूट मिलेगी या नहीं यह साफ नहीं है। इससे अधिक परेशानी है।
-
किसान परेशान न हों। फार्मर रजिस्ट्री के पोर्टल में सुधार की प्रक्रिया प्रगति पर है। नाम के दो अक्षरों के बीच रिक्त स्थान या छोटे अंतर से रुके पंजीयन पोर्टल सुधार के बाद आसानी से हो सकेंगे। बदली व्यवस्था शुरू होने में करीब दस दिन लगने का अनुमान है। खतौनी में नाम दुरुस्तीकरण वाद निस्तारण में समय लगता है। - पवन कुमार तहसीलदार अकबरपुर।
..............
नाम दुरुस्ती वाद में मिल रही तारीख खतौनी में तेजा नाम दर्ज है। आधार में दर्ज नाम में अंतर की वजह से फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। तहसीलदार कोर्ट में वाद में तारीख मिल रही है। -तेज बहादुर, अंबरपुर।
..............
आधार व अन्य अभिलेख से खतौनी में दर्ज नाम में अंतर है। खतौनी में दर्ज दर्ज नाम इद्दू में सुधार के लिए वाद दायर करना है। इसके लिए खतौनी निकलवाई है। -ईदबक्स, धंजुआ।
...............
वर्जन.....
इस बार नहीं रुकेगी सम्मान निधि की किस्त
फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों को ही सम्मान निधि मिलेगी इसका आदेश है। मगर सर्वर व अन्य कारणों से अधिकांश किसानों का पंजीयन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में इसबार जारी होने वाली सम्मान निधि किस्त रुकेगी नहीं। किसान इसको लेकर बहुत परेशान न हों। जनसेवा केंद्र पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री करा लें। अंतिम तिथि भी बढ़ने की उम्मीद है। - रामबचन राम, उपनिदेशक कृषि