मदरसे के शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़खानी और अश्लीलता करने का आरोप लगाया है। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। मामला यूपी के चित्रकूट जिले का है।
चित्रकूट मऊ के गोइया रोड पर सरकारी मदरसा संचालित है। अभिभावकों ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि यहां पढ़ाने वाले शिक्षक की अश्लील हरकतों से परेशान होकर उनके घरों की लड़कियां स्कूल पढ़ने जाने से कतरा रहीं हैं। छात्राओं ने घर में शिक्षक के हरकत की जानकारी दी तो बरगढ़ थाने और यूपी 100 को परिजनों ने सूचित कर दिया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले आई।
थानाध्यक्ष सुभाष चौरसिया ने बताया कि शिक्षक पर अश्लील हरकत करने के आरोप की सूचना मिली थी। जिसकी जांच व पूछताछ कर ली गई है। शिकायतकर्ता का कुछ पुराना विवाद है जिसके चलते ऐसी शिकायत की गई थी। फिलहाल शिक्षक को पूछताछ के बाद मदरसे पहुंचा दिया गया है। इसके बाद परिजनों ने मुख्यालय आकर पुलिस अधीक्षक को भी इसकी जानकारी दी है। इस मामले में आरोपी शिक्षक ने बताया कि सभी आरोप गलत हैं कुछ लोग उन्हें बेवजह फंसाना चाहते हैं।