कानपुर देहात। रोडवेज बस से यात्रा करने वालों को अब टिकट बुक करने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। यात्री अब घर बैठे शुभभ यात्रा एप से मनचाही सीट पर टिकट बुक कर सकेंगे। वहीं, परिवहन निगम ने टिकट बुकिंग के साथ यात्रियों को फीडबैक की भी सुविधा दी है।
शुभभ यात्रा एप यात्रियों को न सिर्फ घर बैठे बस में यात्रा के लिए एडवांस बुकिंग में सक्षम बनाएगा, बल्कि उन्हें कैश लेस सुविधा भी प्रदान करेगा। यात्री इस एप पर सफर से संबंधित अपनी समस्या, चालक-परिचालक के व्यवहार, बस की स्थिति और अन्य मुद्दों पर फीडबैक भी दे सकेंगे। इस एप की शुरुआत से बस में यात्रा करने वाले यात्री अब टिकट को लेकर परेशान नहीं होंगे। यह एप जल्द ही आधिकारिक रूप से कार्य करने लगेगा। यात्री इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकेंगे। यह एप हिंदी व अंग्रेजी में रहेगा।
एप डाउनलोड करने के बाद यात्री को सबसे पहले खुद का पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद वह एप पर मौजूद सभी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। एप के माध्यम से यात्री टिकट बुक करने के लिए क्यूआर कोड, यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या किसी भी अन्य डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल कर सकेंगे। टिकट बुक करने के बाद यात्रियों को प्रिंट आउट लेने की जरूरत नहीं होगी। वे एप पर ही टिकट बुकिंग का स्टेटस दिखाकर यात्रा कर सकेंगे।
-
अन्य सुविधाओं की भी ले सकेंगे जानकारी
परिवहन निगम के इस एप में यात्रियों के लिए कुछ और उपयोगी सुविधाएं दी हैं। इसमें यात्री अपने पुराने सफर को ट्रैक कर सकेंगे। इसमें उनके सभी पुराने लेनदेन को संभाल कर रखा जाएगा। इसके अलावा यात्रियों को टिकट बुक करते समय बस चुनने का मौका मिलेगा। उनके रूट पर नॉन स्टॉप बस है, तो वो भी दिखाई देगा। लोफ्लोर एसी बसें, राजधानी, आर्डिनरी, जनरथ, एसी स्लीपर, पिंक एक्सप्रेस, शताब्दी, ग्रामीण सेवा समेत सभी कैटेगरी की बसों की इसमें सूचना होगी।
-
वर्जन-
परिवहन निगम जल्द ही शुभभ यात्रा एप को लांच करने वाला है। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इसमें डाटा फीडिंग का कार्य किया जा रहा है। एप से यात्री डिजिटल माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।
- मो. अशफाक, एआरएम, माती डिपो