कानपुर। बाकरगंज चौराहे पर सड़क धंसने के मामले में दूसरे दिन भी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि गड्ढा डॉट नाले की वजह से बना है या सीवर लाइन लीकेज के कारण। लगातार मिट्टी धंसने से गड्ढे का आकार बढ़ रहा है। सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम ने जेपी पैलेस की मालिक ज्योति गुप्ता को भवन खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है।
सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जेपी पैलेस के सामने अचानक सड़क धंस गई थी। जलकल विभाग इसे डॉट नाला बता रहा है जबकि नगर निगम अभियंत्रण विभाग के अधिकारी असमंजस में हैं। मंगलवार को अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और गड्ढे में भरे पानी को निकालने का काम कराया। पानी दोबारा भर जाने से खोदाई का कार्य शुरू नहीं हो सका। वहीं नोटिस के बाद गेस्ट हाउस कर्मियों ने पास में रखा जनरेटर हटा दिया। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और शटरिंग का काम शुरू कराया गया है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता आरपी तिवारी ने बताया कि गड्ढे में फिर पानी आ गया जिस वजह से खोदाई का कार्य शुरू नहीं कराया जा सका है। फिलहाल यह डॉट नाला ही लग रहा है क्योंकि आसपास कोई सीवर लाइन नहीं दिख रही है। बुधवार की खोदाई के बाद ही पता चलेगा कि क्या है। जरूरत के हिसाब से चैंबर बनाया जाएगा या फिर पाइप डाला जाएगा।
फोटो।
धंसी सड़क पर पॉलिथीन डाल छोड़ा
कानपुर। अस्सी फिट रोड पर शुक्रवार की बारिश में धंसी सड़क की मंगलवार तक मरम्मत शुरू नहीं हो सकी। यहां सिर्फ पीले रंग की पॉलिथीन डालकर गड्ढे को ढक दिया गया है। क्षेत्रीय निवासी अभिषेक ने बताया कि यह मार्ग बेहद व्यस्त है और बारिश होने पर जलभराव से हादसे का खतरा बढ़ सकता है।