क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन ने बकाया पीएफ न जमा करने पर पूर्व बसपा सांसद अनिल शुक्ल वारसी और एक अन्य फर्म के दो मालिकों के खिलाफ गिरफ्तारी का नोटिस जारी किया है। इसके अलावा छह प्रतिष्ठानों के निदेशकों-पार्टनरों के खिलाफ भी गिरफ्तारी के वारंट जारी हुए हैं। इन सभी पर लाखों रुपये का भविष्य निधि बकाया है।
क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन के वरिष्ठ रिकवरी अफसर एके शुक्ला ने बताया कि पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी की कानपुर देहात (रनिया) स्थित वारिस केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड पर 5 लाख 93 हजार 672 रुपये पीएफ बकाया है। इनके खिलाफ गिरफ्तारी का नोटिस जारी किया गया है।
जल्द बकाया नहीं जमा हुआ तो गिरफ्तारी का वारंट जारी किया जाएगा। इसी तरह अशोक नगर स्थित शिव शक्ति सिक्योरिटी सर्विसेस पर 1 लाख 69 हजार 316 रुपये पीएफ बकाया है। प्रतिष्ठान के अजय सिंह सोलंकी और जगत नारायन त्रिपाठी के खिलाफ भी गिरफ्तारी का नोटिस जारी कि या है।
उन्होंने बताया कि चौबेपुर स्थित तुलसी पॉलीपैक प्राइवेट लिमिटेड पर 60 हजार 274 रुपये पीएफ बकाया है।
प्रतिष्ठान के डायरेक्टर वीएस चौहान के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ है।
इसी तरह कानपुर स्पन पाइप प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर एमआर खान के खिलाफ (बकाया पीएफ 21,480 रुपये), अयूब कोल्ड स्टोरेज एंड एलाइड इंडस्ट्रीज फर्रुखाबाद के पार्टनर शमीम अहमद के खिलाफ (बकाया पीएफ 1,54,077 रुपये), दीपक सिनेमा फर्रुखाबाद के पार्टनर मुकेश भल्ला (बकाया पीएफ 6,35,427 रुपये), कृष्णा कंस्ट्रक्शन औरैया के प्रोपराइटर लालमन सिंह (बकाया पीएफ 2,19,704 रुपये) और झांसी स्थित जेके टोबैकों के पार्टनर नीरज साहू (बकाया पीएफ 8,45,249 रुपये) के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया है।