इटावा। डीपीआरओ ने अमर उजाला में प्रकाशित सचिवालयों में लटक रहे ताले, जन्म-मुत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे शीर्षक खबर का संज्ञान लेकर पंचायतों को नोटिस देकर एडीओ पंचायत से रिपोर्ट मांगी थी। नोटिस के जवाब में कई पंचायत सहायकों ने फैमिली आईडी बनाने के लिए गांव में जाने की बात कही है।
अमर उजाला ने एक नवंबर को सचिवालयों में लटक रहे ताले, जन्म-मुत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने इस मामले में ब्लॉक भरथना की ग्राम पंचायत असफपुर, ब्लॉक जसवंतनगर की ग्राम पंचायत भावलपुर व धारवार व ब्लॉक चकरनगर की ग्राम पंचायत कुंदौल के सचिवालय में ताले पड़े होने पर संबंधित पंचायत सहायक से कारण बताओ नोटिस जारी किया था। साथ ही इस मामले में जांच संबंधित एडीओ पंचायत से रिपोर्ट मांगी थी। इस दौरान ग्राम पंचायत असफपुर, धारवार व कुंदौल के पंचायत सहायक ने फैमिली आई का सर्वे के लिए गांव में जाने के दौरान सचिवालय बंद करने की बात कही। वहीं, ग्राम पंचायत भावलपुर के पंचायत सहायक ने सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में ड्यूटी लगे होने की वजह से सचिवालय बंद होने की जानकारी दी। डीपीआरओ ने कहा कि पंचायत सहायक नियमित रूप से सचिवालय में उपस्थित होकर विभागीय कार्य को करें। पंचायत घर में ताला बिल्कुल न लगाएं। दोबारा लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।