कानपुर। कानपुर-लखनऊ रूट पर गंगा पुल पर ट्रैक की मरम्मत के चलते मेमू को लखनऊ और शुक्लागंज के बीच ही चलाया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली और फर्रुखाबाद की ओर से सेंट्रल तक आने वाली ट्रेनों को अनवरगंज और पनकी स्टेशन पर ही रोका जाएगा। मरम्मत के चलते सिंगल ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन होने से करीब 170 ट्रेनें प्रभावित होंगी। रेल प्रशासन नौ अप्रैल से मेगा ब्लाक लेने की योजना बना रहा है।
रेलवे के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक करीब 35 दिन का ब्लॉक लेने की तैयारी है। सेंट्रल पर ज्यादा लोड न पड़े इसलिए ट्रेनों को अनवरगंज और पनकी में रोकने की योजना है। उधर मेमू को भी सेंट्रल तक न लाकर शुक्लागंज तक ही चलाया जाएगा।
जोनल विवाद में अटका था काम
सूत्रों के मुताबिक गंगा पर बने ट्रैक की मरम्मत का काम बहुत पहले ही शुरू होना था लेकिन स्टेशनों के अलग-अलग जोन विवाद के चलते काम नहीं हो पा रहा था। एक अप्रैल से अनवरगंज स्टेशन पूर्वोत्तर के लखनऊ मंडल से उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडल में आ जाएगा। इसी के चलते शुक्लागंज स्टेशन के उत्तर रेलवे और एनसीआर रेलवे के बीच सहमति बन गई है।
पहले अनवरगंज स्टेशन के प्रशासन ने सेंट्रल की ट्रेनों को अनवरगंज में रोके जाने पर असहमति जताई थी।