इलाहाबाद से कानपुर की ओर जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस खागा स्टेशन पर पलटने से बची। ट्रैक पर प्वाइंट तैयार न होने के कारण ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। अचानक ब्रेक लगाए जाने पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। अगले ही दिन बृहस्पतिवार को स्टेशन अधीक्षक को निलंबित कर घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इलाहाबाद से कानपुर जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12505) को खागा-सतनरैनी के बीच पटरियों पर काम चलने के कारण ब्लॉक लिए जाने से खागा स्टेशन पर रोका गया था। जैसे ही ब्लॉक हटने की सूचना मिली, चालक ने गाड़ी चला दी। गाड़ी को लूप लाइन से निकालना था लेकिन किसी कारण लूप लाइन पर जाने के लिए प्वाइंट नहीं दिया गया।
इस पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। गाड़ी झटके से खड़ी हो गई तो यात्रियों में अफरातफरी मच गई और वे कूदकर भागने लगे। यह देख स्टेशन पर भी भीड़ जमा हो गई। करीब आधे घंटे बाद पटरी पर प्वाइंट दिया गया। तब ट्रेन को रवाना किया जा सका। रेलवे के इलाहाबाद मंडल के सीनियर डिवीजन आपरेटिंग मैनेजर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन अधीक्षक सुरेश चंद्र को निलंबित कर पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।