फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज के चिलौली में पालिका की तरफ से हुए सड़क निर्माण के विरोध ने तूल पकड़ लिया है। निर्माण कार्य के दौरान जेई से विवाद के आरोप में ईओ की ओर से मामला दर्ज कराए जाने पर एक व्यक्ति ने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। पीड़ित की पत्नी ने नगर पालिका चेयरमैन, ईओ, जेई व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धमकी देने व आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के चिलौली रोड पर पालिका की तरफ से सड़क बन रही थी। 21 मई को सभासद सत्यपाल लोधी व उनके साथियों ने अमानक निर्माण बताकर विरोध किया था। तभी मोहल्ला बजरिया वृंदावन निवासी प्रदीप गुप्ता (50) भी वहां पहुंचे थे। वहां उनका ठेकेदार व जेई से विवाद हो गया था।
इसके बाद भाजपा नेता व नगर पालिका चेयरमैन सुनील चक ने सत्यपाल लोधी व उनके चार अज्ञात साथियों पर ठेकेदारों से मारपीट व जातिसूचक गालियां देने की रिपोर्ट दर्ज करा दी। दूसरी तहरीर ईओ सीमा तोमर ने प्रदीप गुप्ता के खिलाफ दी थी। इस पर समझौते का प्रयास चलता रहा। 24 मई की रात प्रदीप के खिलाफ जेई से मारपीट में एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज हो गया।
शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे प्रदीप ने घर में ही जहर खा लिया। परिजनों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना पर एसडीएम अमित आसेरी व सीओ राजवीर सिंह गौर फोर्स के साथ पहुंचे।
सूचना पर भाजपा विधायक अमर सिंह खटिक, व्यापारी नेता संजय गुप्ता, उमेश गुप्ता, राजीव गुप्ता, हिंदू जागरण मंच नेता प्रदीप सक्सेना, भाकियू नेता मुन्नालाल सक्सेना, सपा जिलाध्यक्ष नदीम फारूकी आदि पहुंच गए।