कानपुर देहात। मेडिकल कॉलेज अकबरपुर की इमरजेंसी में बारिश की वजह से शुक्रवार रात 12 बजे लाइट गुल हो गई। करीब दो घंटे तक बिजली न आने पर कर्मचारियों ने जनरेटर ऑपरेटर को जनरेटर चालू करने की सूचना दी। इसके बाद भी उसने जनरेटर चालू नहीं किया। इससे मरीज व स्टाफ के लोग परेशान रहे। लापरवाही पर प्राचार्य ने ऑपरेटर को निलंबित कर दिया है।
बारिश की वजह से शुक्रवार रात 12 बजे के करीब मेडिकल कॉलेज के पुराने भवन के पास फाल्ट हो गया। इससे इमरजेंसी की आपूर्ति बाधित हो गई। जबकि परिसर में अन्य जगह बिजली आपूर्ति चलती रही। इमरजेंसी में बिजली न आने से अंधेरा छा गया। स्टाफ नर्स व अन्य कर्मचारियों ने जनरेटर ऑपरेटर राज नारायण को जानकारी दी। रात दो बजे तक वह जनरेटर चलाने नहीं पहुंचे। इसके बाद स्टाफ प्राचार्य व सीएमएस को जानकारी दी। किसी तरह दूसरे कर्मचारी को बुलाकर जनरेटर चालू कराया गया और बिजली चालू की गई। प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी राजनारायण की पूर्व में भी जनरेटर समय से चालू न करने की शिकायतें रहीं हैं। शुक्रवार को समय से जनरेटर चालू न करने पर परेशानी हुई। इसी लापरवाही पर उन्हें निलंबित किया गया है।