कानपुर देहात। मौसमी विक्षोभ के चलते जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि से खरीफ सीजन की फसलों में नुकसान की आशंका है। बीमित फसलों में नुकसान के लिए किसान एकीकृत टोलफ्री नंबर 14447 पर 72 घंटे के अंदर सूचना दे सकते हैं। उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव ने बताया कि दो दिन में जिले में 69 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। किसी बीमित किसान की फसल को वर्तमान अतिवृष्टि और तेज हवाओं के कारण नुकसान पहुंचा है तो अधिकतम 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना बीमा कंपनी को अनिवार्य रूप से दे दें। एकीकृत टोल फ्री नंबर के अलावा अधिकृत बीमा कंपनी एचडीएफसी एर्गो के जनपदीय प्रतिनिधि मनीष के मोबाइल नंबर 8303300845 पर सीधे संपर्क कर फसल नुकसान की जानकारी दी जा सकती है। इसके साथ ही मोबाइल एप्लिकेशन क्रॉप इंश्योरेंस एप के जरिये भी अपने खेत की जियो-टैग फोटो अपलोड कर क्षति दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा खंड विकास कार्यालय स्थित कृषि बीज भंडार पर अथवा कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी यथा प्राविधिक सहायक, एटीएम, बीटीएम और जिला कृषि अधिकारी या फिर उप कृषि निदेशक कार्यालय विकास भवन में लिखित प्रार्थना-पत्र दे सकते हैं। बीमा कंपनी के सर्वेयरों एवं संयुक्त स्थलीय सत्यापन के उपरांत बीमा लाभ का भुगतान किया जाएगा। (संवाद)