भीषण गर्मी में घंटों बिजली कटौती से शहर में हाहाकार मचा है। मंगलवार को दक्षिण के जिन सब स्टेशनों पर लोगों ने हंगामा किया था, बुधवार को भी वहां लोग आक्रोशित होकर सड़कों पर नारेबाजी करते नजर आए। इन लोगों के लिए बुरी खबर यह है कि अभी दक्षिण के नौ सब स्टेशनों से जुड़े 10 लाख उपभोक्ताओं को 15 दिन बिजली और रुलाएगी।
विज्ञापन
ऐसा इसलिए है क्योंकि सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) के कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (यूपीपीटीएल) के किदवईनगर स्थित ट्रांसमिशन उपकेंद्र की दो केबल काट दी हैं। पनकी पावर हाउस से आईं ये केबल क्षतिग्रस्त होने से उपकेंद्र बैठ गया और इससे जुड़े नौ सब स्टेशन पूरी ठप हो गए। इस कारण लोग भीषण गर्मी में बेहाल हो रहे हैं। यूपीपीटीएल गुरुवार से मरम्मत कार्य शुरू कराएगा जिसमें 15 दिन का समय लगेगा। इस लापरवाही पर क्षतिपूर्ति व केस दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा है।
">http://
विज्ञापन
यूपीपीटीएल का किदवईनगर में 220/33 केवी जीआईएस ट्रांसमिशन उपकेंद्र है जहां से पनकी पावर हाउस से 220 केवी की लाइनें डालकर बिजली पहुंचाई जाती है। इस उपकेंद्र से दक्षिण के नौ सबस्टेशन जुड़े हैं। तीन मई की सुबह सीयूजीएल किदवईनगर में पाइप लाइन डलवाने के लिए खोदाई करा रहा था। इस दौरान लापरवाही से खोदाई करते हुए पनकी पावर हाउस से इस उपकेंद्र में आई 220 केवी की एक-एक हजार एमएम की दो कॉपर केबल काट दीं।
इससे उपकेंद्र बैठ गया और इससे जुड़े सबस्टेशनों की आपूर्ति ठप हो गई। पनकी पावर हाउस से इस उपकेंद्र में आने वाली एक्सएलपी केबल से आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद खोदाई शुरू करा क्षतिग्रस्त केबल का वर्क ऑर्डर तैयार हुआ। फिर टेंडर प्रक्रिया कर मटेरियल मंगाया गया। अब गुरुवार से काम शुरू कराया जाएगा।
Trending Videos
वैकल्पिक स्रोत से दी जा रही बिजली
किदवईनगर ट्रांसमिशन उपकेंद्र के ब्रेकडाउन होने पर इससे जुड़े उपकेंद्रों को नौबस्ता सहित अन्य उपकेंद्रों से जोड़कर बिजली आपूर्ति की जा रही है। भीषण गर्मी की वजह से बिजली की मांग में वृद्धि हुई है। इससे वैकल्पिक स्रोतों पर लोड बढ़ने लगा जिससे रोस्टिंग शुरू की गई। स्थिति यह है कि रोस्टिंग के बाद जब सब स्टेशन पर बिजली आपूर्ति शुरू की जा रही है तो कमजोर जॉइंट वाली एबीसी केबल में आग लग रही है। इससे भी विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
ये सबस्टेशन हैं प्रभावित
ई-ब्लॉक गुजैनी, विद्युत कॉलोनी, विश्व बैंक बर्रा, पराग डेयरी, दबौली, हंसपुरम, मंडी परिषद, कर्रही और तात्याटोपेनगर। ये वहीं सबस्टेशन हैं जहां पिछले पांच दिन से बिजली को लेकर हाहाकार मचा है। एक सबस्टेशन से करीब 20 हजार तक कनेक्शन हैं। एक परिवार में अमूमन पांच से छह लोग होते हैं, इस हिसाब से करीब दस लाख उपभोक्ता प्रभावित हैं।
केस्को ने की सहयोग की अपील
केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने कहा है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षतिग्रस्त भूमिगत केबल की मरम्मत कार्य संबंधित इकाई शुरू करा रही है। बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तकनीकी वर्टिकल में दो अतिरिक्त अधिशासी अभियंताओं की तैनाती की गई है। पीक ऑवर्स में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपकेंद्रों पर अतिरिक्त अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ता सहयोग दें।
किदवईनगर जीआईएस ट्रांसमिशन उपकेंद्र के केबल बनाने का मटेरियल एकत्र करने में समय लगता है। उसके बाद एक सप्ताह टेंडर प्रक्रिया में लगते हैं। अब मटेरियल एकत्र हो गया है और गुरुवार से काम शुरू होगा। इसमें 10 से 15 दिन लग सकते हैं। केबल क्षतिग्रस्त करने पर सीयूजीएल के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र दिया है। क्षति का आकलन किया जा रहा है। - शैलेश गुप्ता, चीफ इंजीनियर, यूपीपीटीएल
बिजली न आने पर सब स्टेशन पर पथराव कर कुर्सियां तोड़ीं, चार हिरासत में
झुलसा देने वाली गर्मी में शहर के दक्षिणी इलाके के लोग बिजली कटौती से परेशान हैं। बर्रा विद्युत कॉलोनी सब स्टेशन, शास्त्री चौक पर बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बुधवार रात करीब 12 बजे पथराव कर दिया। करीब 48 घंटे से बिजली कटौती का दंश झेल रहे लोगों का आक्रोश देखकर सब स्टेशन पर मौजूद कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले। आक्रोशित भीड़ ने कई कुर्सियां तोड़ दीं। पुलिस ने लाठी पटक कर आक्रोशित भीड़ को खदेड़ा। हंगामा और पथराव कर रहे चार लोगों को पुलिस पकड़कर थाने ले गई है।
दक्षिण क्षेत्र में लोग बीते तीन दिन से बिजली संकट झेल रहे है। चौथे दिन बुधवार रात भी कर्रही और विद्युत कॉलोनी सबस्टेशन पर लोगों ने हंगामा किया। ठाकुर चौराहे पर पसीने में तर-बतर लोगों ने जाम लगा दिया। गुंजन विहार में लोगों का गुस्सा उस समय फूटा जब 48 घंटे बाद नया ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचे केस्को कर्मी ने केबल व औजार भूल जाने की बात कही। आक्रोशित लोगों ने उसे बंधक बनाने की कोशिश की। केस्को कर्मी ने अधिकारियों को कई बार फोन कर मदद मांगने की कोशिश की लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। करीब तीन घंटे तक लोग उसे घेरकर खड़े रहे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू हो सका।
बार-बार आपूर्ति बाधित होने से गुस्साए लोगों ने कर्रही और विश्व बैंक, बर्रा-2 स्थित विद्युत कॉलोनी सबस्टेशन का घेराव कर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि चार दिन से यह समस्या झेल रहे हैं, कई इलाकों में तो 48 घंटे से बिजली आई ही नहीं, जहां आई भी तो बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। इस भीषण गर्मी में न दिन में सुकून है और ना ही रात को राहत, करें तो क्या करे और कहां जाएं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। देर रात तक भारी पुलिस बल तैनात था।