फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंसुओं में डूबा त्योहार, नौ की मौत

Sun, 08 Mar 2015 02:27 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। होली के दिन शुक्रवार को शहर में कई जगह हुए हादसों में नौ लोग काल के गाल मेें समा गए। तीन लोगों की मौत बिधनू क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में हुई, जबकि महाराजपुर में बाइक डिवाइडर से टकराने से एक युवक की जान चली गई। हरजेंदर नगर-जाजमऊ के बीच हुए सड़क हादसे में युवक ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


बिठूर और फजलगंज में हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। वहीं रानीघाट पर नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। जरौली नाले के पास एक अधेड़ की हत्या कर दी गई।

बिधनू में सड़क हादसे में तीन की मौत

बिधनू में शुक्रवार को कानपुर-सागर हाइवे में तेज रफ्तार पिकप ने बाइक सवार रोहित (24), साथी रवि (23) को कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसा होते ही पिकप का दरवाजा टूटने से चालक गोरेलाल (40) भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
विज्ञापन


अस्पताल ले जाते समय गोरेलाल की भी सांसे थम गईं। उधर बिना चालक की पिकप सड़क किनारे एक कॉलेज की दीवार में जा घुसी। इससे पिकप में सवार गोरेलाल की पत्नी रेनू, बेटा साहिल (5), भाभी शिवकांती और बहनोई सुरेश घायल हो गए।

सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों को घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया अभी तक तहरीर नहीं मिली है।  बख्तौरीपुरवा निवासी राजकुमार सोनी का बेटा रोहित मुहल्ले के दोस्त रवि पुत्र सुरेश कश्यप के साथ बाइक से बिधनू निवासी एक रिश्तेदार के घर से होली मिल कर लौट रहे थे।

उधर बिधनू के जमुरही गांव का पिकप चालक गोरेलाल पत्नी रेनू, बेटे साहिल, भाभी शिवकांती और बहनोई सुरेश के साथ माधवबाग के राजापुरवा स्थित ससुराल से लौट रहे थे।  बिधनू के हरबसपुर गांव के पास बेकाबू पिकप ने सामने से आ रहे रोहित की बाइक में टक्कर मार दी। पहियों की चपेट में आने से रोहित, रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस रोहित, रवि और पिकप से गिरे चालक गोरेलाल को सीएचसी से हैलट ले गई, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया।

गंगा में चार युवक डूबे एक ने गंवाई जान

गंगा के रानीघाट पर शुक्रवार दोपहर नहाते समय चार युवक डूब गए। गोताखोरों ने तीन युवकों को तो बचा लिया, लेकिन चौथे युवक का पता नहीं लगा। बाद में चौथे युवक की तलाश की गई तो उसका शव मिला। कोहना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद  परिजनों को सौंप दिया।

मरने वाला युवक हरबंश मोहाल निवासी संदीप जायसवाल (24) था। संदीप के पिता हरीश चंद्र ने बताया कि संदीप बीटेक कर चुका था और अब बैंक की कोचिंग कर रहा था। शुक्रवार को होली खेलने के बाद दोस्त सुमित, निखिल और राहुल के साथ संदीप गंगा स्नान करने गया था। पहले चारों दोस्त गंगा बैराज पहुंचे।

वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने इन्हें भगा दिया तो चारों दोस्त वहां से रानीघाट पहुंचे और गंगा में उतर गए। नहाते हुए चारों गहरे पानी में डूब गए। इन्हें पानी में गोते लगाते देख घाट पर मौजूद लोगों ने गंगा में छलांग लगा दी। सुमित, निखिल और राहुल को बचा लिया गया। लेकिन, जब तक संदीप को बाहर निकाला गया, सांसे थम चुकी थी।

सुमित, निखिल और राहुल ने घटना की सूचना परिवार वालों को दी। थोड़ी देर में पिता और भाई प्रवीण कुमार समेत परिवार के अन्य लोग रानीघाट पहुंचे। संदीप को मृत देख बिलख पड़े। कोहना एसओ ने बताया कि हरीश चंद्र ने लिखकर दे दिया है कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। न ही उन्हें कोई कार्रवाई करना है।

धारदार हथियार से अधेड़ की हत्या

जरौली नाले के पास शुक्रवार रात अज्ञात हमलावरों ने हरीराम (60) की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हरीराम दो पक्षों में हो रही मारपीट में बीचबचाव करने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी ने उनके सिर पर प्रहार कर दिया। पुलिस के अनुसार मूल रूप से गोरखपुर निवासी हरीराम जरौली में किराए पर कमरा लेकर बेटे संतराम के साथ रहते थे।

वे जरौली में ही एक फैक्ट्री में काम करते थे। शुक्रवार को वो होली मिलने के लिए जा रहे थे। जरौली नाले के पास दो गुटों में मारपीट हो रही थी। इस दौरान हरीराम बीच बचाव करने लगे। उसी समय किसी ने धारदार हथियार उनके सिर पर मार दिया।

क्षेत्रीय निवासी राहुल गुप्ता की सूचना पर पहुंची पुलिस हरीराम को हैलट लाई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को संतराम गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा तो उसे एक अज्ञात की हत्या की जानकारी मिली। वह मोर्चरी पहुंचा और यहां मृतक की शिनाख्त पिता के रूप में की।

सड़क हादसे में दो युवकों की जान गई

सड़क हादसों में शुक्रवार को दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। बिठूर पुलिया के पास शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रूपेश साहू की मौत हो गई। जबकि दोस्त घायल हो गया। उसे प्राइवेट नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है।

बिठूर के लक्ष्मीपुरवा निवासी राम शंकर का बेटा रूपेश दोस्त के साथ साईं मंदिर दर्शन करने गया था। फजलगंज में दो बाइकों की भिड़ंत में अर्रा बिनगवां नौबस्ता निवासी विजय (36) की मौत हो गई। दोस्त छोटू घायल हो गया। उसे हैलट में भर्ती कराया गया है।

दो बाइकें भिड़ीं, एक की मौत, दूसरा घायल

हरजेंदर नगर और जाजमऊ के बीच शुक्रवार को तेज रफ्तार दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक हैलट में भर्ती है। चकेरी पुलिस के अनुसार यदि दोनों युवक हेलमेट पहने होते तो हादसा इतना बड़ा न होता। 

अहिरवां राजा मार्केट में रहने वाला रोशन जायसवाल (25) तीन बहनों में इकलौता था। पुलिस ने बताया कि हरजेंदर नगर और जाजमऊ के बीच रोशन की बाइक लालबंगला निवासी सब्जी विक्रेता अंशू की बाइक से टकरा गई। बकौल पुलिस दोनों बाइकें करीब 100 की स्पीड में थीं। सिर पर गंभीर चोट लगने से रोशन और अंशू दोनों घायल हो गए। पुलिस दोनों को हैलट लेकर पहुंची। अस्पताल में रोशन की मौत हो गई। अंशू का इलाज चल रहा है।

डिवाइडर से टकराई बाइक, एक की मौत

महाराजपुर के सिकठियापुरवा पुराने पुल पर शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अनिल की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त बृज गंभीर हालत में अस्पताल में है।  औंग फतेहपुर के अनोवा खेड़ा गांव निवासी शिव नारायण का बेटा अनिल साहू (30) प्राइवेट नौकरी करता था।

वह गांव के ही बृज कुमार के साथ सरसौल महाराजपुर में रहता है। शुक्रवार को अनिल और बृज बाइक पर सरसौल में रिश्तेदार के घर होली मिलने आए थे। फतेहपुर लौटते समय सिकठिया पुरवा पुराने पुल के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में अनिल और बृज कुमार दोनों घायल हो गए। 
विज्ञापन


पुलिस ने दो को हैलट पहुंचाया, जहां अनिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि बृज का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें